48 घंटे बाद भी खाली हाथ पुलिस: हाई-प्रोफाइल कारोबारी सूरज बिहारी मर्डर केस से हिला पूर्णिया

By Purnia News

Published on: January 29, 2026

Follow Us

Suraj Bihari Murder

Suraj Bihari: पूर्णिया में चर्चित कारोबारी और सोशल मीडिया ब्लॉगर सूरज बिहारी की 27 जनवरी की सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे शहर में सनसनी फैल गई। करोड़ों की संपत्ति, लग्जरी कारों और हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल के लिए पहचाने जाने वाले सूरज की हत्या की वजह एक इंस्टाग्राम पोस्ट से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। 

बदमाशों ने पीछे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटना के 48 घंटे बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस ने FIR दर्ज कर कई टीमें गठित की हैं, वहीं राजनीतिक स्तर पर भी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

कौन थे सूरज बिहारी

28 साल के सूरज बिहारी एक सफल कारोबारी होने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थे। वे वीडियोग्राफी और ब्लॉगिंग के शौकीन थे और अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल को इंस्टाग्राम और फेसबुक पर शेयर करते रहते थे। बताया जाता है कि उनके पास करीब 15 करोड़ रुपये का सालाना टर्नओवर था। शहर में उनके मक्के के 18 गोदाम थे, साथ ही बिल्डिंग मैटेरियल और रियल एस्टेट में भी उनका बड़ा निवेश था।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना के 48 घंटे बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। स्नेहिल झा, ब्रजेश सिंह और नंदू सिंह को इस मामले में मुख्य आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और SP स्वीटी सहरावत के अनुसार तीन स्पेशल टीमों का गठन किया गया है। लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया और माहौल

इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सूरज बिहारी के पिता से फोन पर बात कर न्याय का भरोसा दिलाया है। वहीं मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। फिलहाल पूर्णिया में दहशत और गुस्से का माहौल है।

लग्जरी लाइफस्टाइल की थी पहचान

सूरज बिहारी की पहचान उनकी हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल से थी। वे करीब ढाई करोड़ रुपये की डिफेंडर कार में चलते थे और उनके पास 20 लाख रुपये की स्कॉर्पियो भी थी। इसके अलावा उन्हें बाइक्स का भी शौक था। अपनी सुरक्षा के लिए वे 22 लाख रुपये की पिस्टल रखते थे और 2 से 3 प्राइवेट गार्ड भी तैनात रहते थे, जिन पर हर महीने लाखों रुपये खर्च होते थे।

कैसे शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, इस हत्या की जड़ एक इंस्टाग्राम पोस्ट में छुपी है। विवाद सूरज बिहारी के छोटे भाई उदय यादव के दोस्त सूरज शर्मा द्वारा एक लड़की की फोटो शेयर करने से शुरू हुआ। इस पोस्ट को लेकर लड़की के बॉयफ्रेंड स्नेहिल झा ने पहले सूरज शर्मा और फिर उदय यादव से झगड़ा किया। मामला बढ़ता गया और बात मारपीट से होते हुए जानलेवा हमले तक पहुंच गई।

हत्या की पूरी घटना

27 जनवरी की सुबह सूरज बिहारी अपने भाई उदय यादव और एक दोस्त के साथ पूर्णिया के मरंगा वसंत विहार फन सिटी पार्क के पास पहुंचे थे। वे विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान स्नेहिल झा के पक्ष से आए ब्रजेश सिंह ने कमर में छिपी पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पांच राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से तीन सूरज बिहारी को चेस्ट, पेट और बाएं हाथ में लगीं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि ब्रजेश सिंह अपने भाई नंदू सिंह और 20 से 25 समर्थकों के साथ वहां पहुंचा था। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरातफरी मच गई और गार्ड व रिश्तेदार किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे।

ये भी पढ़े ! Ajit Pawar Plane Crash: अजित पवार को लेकर क्या है सच्चाई? जानें पूरा फैमिली ट्री

, , , , , ,